औरैया में करंट से युवक की मौत पर परिजनों ने जताया आक्रोश, कार्रवाई के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

हिन्दुस्तान, औरैया
Follow us on Google News
share

बिधूना के पुराना मोहल्ले में करंट लगने से युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव पहुंचने पर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक को जबरन घर ले गए और कूलर ठीक कराने का दबाव बनाया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

औरैया में करंट से युवक की मौत पर परिजनों ने जताया आक्रोश, कार्रवाई के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

बिधूना, संवाददाता। कस्बे के पुराना बिधूना मोहल्ले में करंट की चपेट में आकर युवक की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक को जबरन घर ले गए और कूलर ठीक कराने का दबाव बनाया, जिसके चलते करंट लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शोकाकुल माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पुराना बिधूना निवासी राजेन्द्र सक्सेना पुत्र देवीचरन की पड़ोस के एक घर में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अंतिम संस्कार रोक दिया। मृतक के पिता देवीचरन ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र बिजली मरम्मत का काम नहीं जानता था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोग उसे जबरन अपने घर ले गए और कूलर ठीक कराने का कार्य कराया, जहां करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

अंतिम संस्कार रोकने का प्रयास

अंतिम संस्कार रोके जाने की सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज सोहिल व उपनिरीक्षक शम्भूनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजनों ने भारी मन से युवक का अंतिम संस्कार किया।

पुलिस की कार्रवाई

कोतवाली प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया कि युवक का अंतिम संस्कार नहीं किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

परिवार की कठिनाई

बताया गया कि राजेन्द्र मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और वही घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा सात वर्षीय जान्हवी, पांच वर्षीय श्रष्टि, चार वर्षीय वंश और पांच माह का मासूम पुत्र आयुष है। असमय मौत से मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। बिलखते बच्चों को देखकर मोहल्ले के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

युवक की मौत कैसे हुई?
युवक की मौत पड़ोस के घर में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।