
युवक का शव घर पहुंचा तो परिजनों में मचा कोहराम
Auraiya News - गुजरात के अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी कर रहे राजा यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह फांसी पर लटका मिला। परिवार में मातम है और उसकी शादी भी रुक गई थी। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है।
गुजरात के अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी कर रहे अछल्दा क्षेत्र के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, घर में चीख-पुकार मच गई। मां के इकलौते बेटे की मौत से पूरा परिवार गम में टूट गया है। अछल्दा थाना क्षेत्र के खुमानपुर निवासी राजा यादव पुत्र मुकेश यादव, जो वर्तमान में ब्लॉक चौराहे पर परिवार सहित रहते हैं, अहमदाबाद में किराए के कमरे पर रहकर निजी कंपनी में काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने राजा के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
काफी देर तक आवाज देने के बाद भी भीतर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर राजा फांसी के फंदे पर झूलता मिला। परिजनों के अनुसार राजा कुछ समय से परेशान चल रहा था और उसकी शादी भी रुक गई थी। इसी बीच वह अहमदाबाद जाकर नौकरी कर रहा था। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह जब शव गांव पहुंचा तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। मां, पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम अहमदाबाद में ही कराया गया। परिजनों ने संवेदनशीलता को देखते हुए किसी तरह की शिकायत दर्ज कराने से फिलहाल इन्कार कर दिया है। गांव में युवक की असामयिक मौत से शोक की लहर है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




