Auraiya News: फंदे पर लटके मिले युवक का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
Auraiya News: पुरवा गुलरिया गांव में 35 वर्षीय महेंद्र सिंह का शव फंदे पर लटका मिला। वह शराब पीने का आदी था, जिसके कारण उसकी पत्नी से विवाद था। पत्नी मायके चली गई थी, जिससे तनाव बढ़ गया और महेंद्र ने आत्महत्या कर ली। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।

Auraiya News: थाना क्षेत्र के पुरवा गुलरिया गांव में फंदे पर लटके मिले 35 वर्षीय युवक के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में गमगीन माहौल के बीच परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुरवा गुलरिया निवासी 35 वर्षीय महेंद्र सिंह ने 10 सितंबर को घर के अंदर साड़ी से फंदा लगा लिया था। जानकारी होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।मृतक के भाई पुष्पेंद्र ने पुलिस को बताया कि महेंद्र को शराब पीने की आदत थी।
इसे लेकर उसका पत्नी से विवाद होता रहता था। विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद महेंद्र ने घर में फंदा लगा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। उपनिरीक्षक अरविंद सिंह की देखरेख में शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी हुई। इसके बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी गणेश गुप्ता ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।


