झूला झूलते समय मासूम के गले में कस गया साड़ी का फंदा, दर्दनाक मौत
Auraiya News - अछल्दा में एक 10 वर्षीय छात्रा जया की साड़ी के फंदे में दम घुटने से मौत हो गई। घटना के समय वह घर की छत पर झूला झूल रही थी। उसकी बड़ी बहन ने फंदे में लटका हुआ देखा और शोर मचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार में कोहराम मचा है।

अछल्दा, संवाददाता। कस्बे के नहर बाजार में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय छात्रा की साड़ी के फंदे से दम घुटने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। नहर बाजार निवासी स्वर्गीय रामू सक्सेना की पुत्री जया गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर की छत पर कमरे के दरवाजे की कुंडी में साड़ी बांधकर झूला झूल रही थी। इसी दौरान अचानक साड़ी का फंदा उसके गले में कस गया, जिससे वह अचेत हो गई।
कुछ देर बाद छत पर पहुंची बड़ी बहन मानवी ने जया को फंदे में लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के समय मां गीता देवी घर के नीचे स्थित परचून की दुकान के लिए सामान लेने बाजार गई हुई थीं। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचीं और बेटी का शव देखकर बदहवास हो गईं। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतका जया देहाती इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा थी। उसके पिता रामू सक्सेना का वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान निधन हो गया था। परिवार में बड़ी बहन मानवी और छोटा भाई सिद्धार्थ है, जो अपनी नानी के यहां जैथरा (एटा) में रहकर कक्षा एक में पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र एवं उपनिरीक्षक जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


