बाइक से गिरकर घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
औरैया में नेशनल हाईवे पर भारत पेट्रोल पंप के पास बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल महिला की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला, अपने बेटे के साथ मायके आ रही थी। सड़क पर पड़े पत्थर के कारण बाइक असंतुलित हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया है और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

औरैया, संवाददाता। नेशनल हाईवे पर भारत पेट्रोल पंप के पास बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव पिडार्थू निवासी 40 वर्षीय शाइन अपने पुत्र के साथ औरैया के कस्बा खानपुर स्थित मायके आ रही थी। दोपहर के समय जैसे ही उनकी बाइक नेशनल हाईवे पर भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सड़क पर पड़े पत्थर पर चढ़कर असंतुलित हो गई। इससे शाइन बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस 108 ने घायल महिला को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज चिचोली रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतका की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम पसर गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


