
मंदिर की छत पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए पिता-पुत्र, मासूम की मौत
Auraiya News - कुचैला गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय रितिक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसके पिता श्यामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय वे मंदिर निर्माण की छत पर थे। परिजनों का हाल बेहाल है और गांव में शोक का माहौल है।
एरवाकटरा। कुचैला गांव में रविवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार में कोहराम है। कुचैला गांव निवासी 45 वर्षीय श्यामवीर पुत्र सोनलाल रविवार सुबह करीब दस बजे अपने दो वर्षीय बेटे रितिक को गोद में लेकर मकान की छत पर बने निर्माणाधीन राधा-कृष्ण मंदिर को देखने गए थे। मंदिर में उस समय मजदूर और राजमिस्त्री प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। छत के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इसी दौरान श्यामवीर का सिर अचानक लाइन से छू गया और उन्हें तेज करंट लग गया।
करंट लगते ही वे गोद में बच्चे को लिए ऊंचाई से सड़क पर आ गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे मजदूरों ने परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तुरंत उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के लिए रवाना किया। रास्ते में ही मासूम रितिक ने दम तोड़ दिया। श्यामवीर का उपचार सैफई में जारी है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई गई है। गांव में शोक की लहर फैल गई। मासूम के शव के गांव पहुंचते ही मां अर्चना, दादी हरप्यारी, बहन सुभी सहित परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रितिक श्यामवीर का इकलौता बेटा था। श्यामवीर पेशे से किसान हैं और काफी समय से मंदिर निर्माण करवा रहे थे। हादसे के संबंध में थाना एरवाकटरा प्रभारी जीतकुमार ने बताया कि उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है। वहीं विद्युत विभाग के अवर अभियंता कुलवंत सिंह ने भी घटना की जानकारी न होने की बात कही। ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक निकट से गुजरने पर नाराजगी जताई और लाइन शिफ्ट करने की मांग उठाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




