डेढ़ घंटे जाम में फंसे रहे वाहन सवार, अधर में लटका ओवरब्रिज निर्माण
Auraiya News - दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर शनिवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद होने से डेढ़ घंटे लंबा जाम लगा। ट्रेनों के आवागमन के कारण गेट को बंद किया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज निर्माण की मांग की है, लेकिन कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है।

कंचौसी, संवाददाता। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर ट्रेनों के लगातार आवागमन के चलते शनिवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद किए जाने से करीब डेढ़ घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे ट्रेनों को पास कराने के लिए क्रॉसिंग गेट बंद किया गया। इसके बाद वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, टूंडला-कानपुर मेमू, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस समेत कई यात्री ट्रेनें गुजरीं। साथ ही डीएफसी ट्रैक पर चार मालगाड़ियां भी निकलीं। ट्रेनों का दबाव अधिक होने के कारण गेट लंबे समय तक बंद रहा।
इस दौरान कई वाहन चालकों ने अपने वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े कर दिए, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। बाइक, कार, बस और मालवाहक वाहन फंसे रहे और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्कूली बच्चों, मरीजों और कार्यालय जाने वाले लोगों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब साढ़े 11 बजे फाटक खुलने के बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारू हो सका, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि ट्रेनों का दबाव अधिक होने के कारण रेलवे क्रॉसिंग को निर्धारित समय से अधिक देर तक बंद रखना पड़ा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


