अजीतमल में जाम का जंजाल, एंबुलेंस व स्कूली बसें फंसी
Auraiya News - अजीतमल में रोजाना लगने वाले जाम ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। बुधवार को स्कूलों की छुट्टी के समय जाम लगने से एंबुलेंस और स्कूल बसें फंस गईं। स्थानीय नागरिकों ने अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और बढ़ते वाहनों की संख्या को समस्या का कारण बताया। उपजिलाधिकारी ने समस्या को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया है।

अजीतमल, संवाददाता। कस्बे में रोजाना लगने वाला जाम लोगों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। सुबह से शाम तक प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बुधवार दोपहर को भी कस्बे के मुख्य मार्गों पर भारी जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस और स्कूली बसें भी फंस गईं। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय वाहनों का दबाव अचानक बढ़ जाता है। इस दौरान बच्चों से भरी स्कूली बसें, ई-रिक्शा, दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़कों पर फंस जाते हैं। जाम के कारण स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
कई बार मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में बढ़ते वाहनों की संख्या और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ई-रिक्शा व ठेलों की अधिकता के कारण रास्ते संकरे हो जाते हैं, जिससे जाम लगना आम बात हो गई है। बुधवार को लगे जाम के दौरान उपजिलाधिकारी निखिल राजपूत की गाड़ी भी जाम में फंस गई। इसके साथ ही एक एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में खड़ी रही, जिसे देखकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी निखिल राजपूत ने बताया कि जाम की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बारे में क्षेत्राधिकारी को अवगत कराया जाएगा और जल्द ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


