
बेला चौराहे पर स्लीपर बसों से जाम की समस्या से मिलेगी निजात
Auraiya News - बेला चौराहे पर स्लीपर बसों के बढ़ते जाम से आमजन परेशान हैं। प्रशासन ने इस समस्या को सुलझाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यातायात प्रवाह को सामान्य करने के लिए अव्यवस्थित बस चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग इस पहल का स्वागत कर रहे हैं और जल्द राहत की उम्मीद जता रहे हैं।
बेला चौराहे पर हर दिन स्लीपर बसों के खड़े रहने से लगने वाले जाम से आमजन परेशान हैं। लगातार बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्ती दिखाने का फैसला किया है। परिवहन विभाग जल्द ही क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी में है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आनंद राय कुरील ने बताया कि बेला चौराहे पर स्लीपर बसें निर्धारित स्थानों के अलावा भी यात्रियों को बैठाने और उतारने के लिए रुक जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ऐसे बस चालकों और संचालकों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान बसों की संख्या, उनके रूट और निर्धारित स्टॉपेज की जांच की जाएगी। साथ ही, परमिट और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जो वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ चालान और जुर्माना दोनों की कार्रवाई होगी। पीटीओ आनंद राय कुरील ने बताया कि बेला चौराहा क्षेत्र में नियमित रूप से जाम की शिकायतें मिल रही थीं। इस अभियान का उद्देश्य सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़ी बसों को हटवाकर ट्रैफिक प्रवाह को सामान्य करना है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यातायात विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग शुरू की जाएगी ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और दफ्तरों के कर्मचारियों को भारी परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब समस्या से जल्द निजात मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




