रेलवे फाटक बंद रहने से डेढ़ घंटे तक लगा जाम

Nov 13, 2025 08:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share Share
Follow Us on

Auraiya News - दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर कंचौसी रेलवे फाटक बंद होने से लंबा जाम लग गया। लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस ने जाम को खुलवाने के लिए प्रयास किए। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या आम हो गई है और फाटक पर नियमित पुलिस तैनाती की आवश्यकता है।

रेलवे फाटक बंद रहने से डेढ़ घंटे तक लगा जाम

दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर गुरुवार सुबह ट्रेनों को पास कराने के लिए कंचौसी रेलवे फाटक बंद किए जाने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका। जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग दस बजे रेलवे फाटक बंद किया गया था। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, टूंडला-कानपुर मेमू, समर स्पेशल एक्सप्रेस सहित डीएफसी ट्रैक पर चार मालगाड़ियों के गुजरने के कारण फाटक को काफी देर तक बंद रखना पड़ा। इस बीच, चालकों ने अपने वाहन इधर-उधर खड़े कर दिए जिससे मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।

लगभग डेढ़ घंटे तक लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बसों, कारों, ऑटो और ट्रकों की लंबी लाइनें फाटक से लेकर पेट्रोल पंप तक लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों को व्यवस्थित कराया और करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कंचौसी रेलवे फाटक पर जाम की समस्या अब आम हो चुकी है। फाटक बंद होने के दौरान चालक नियमों का पालन नहीं करते और सड़क पर वाहन तिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की ओर से फाटक पर नियमित तैनाती कराई जाए तो जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि ट्रेनों का दबाव अधिक होने के कारण फाटक को लंबे समय तक बंद रखना पड़ा था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;