परंपरा को निभाते ग्रामीण, नगला जोधा में फाग गायन का आयोजन
Auraiya News - नगला जोधा में होली के अवसर पर पारंपरिक फाग गायन का भव्य आयोजन हुआ। डीएसपी दलवीर सिंह यादव और उनके पुत्र आईपीएस मृदुल यादव ने ग्रामीणों के साथ भाग लिया। इस कार्यक्रम ने गांव में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती देने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने पुरानी परंपरा को जीवित रखा है।

अछल्दा, संवाददाता। विकासखंड क्षेत्र के गांव नगला जोधा में होली के अवसर पर पारंपरिक फाग गायन का भव्य आयोजन किया गया। गांव के प्राचीन शिव धाम मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देर शाम तक फाग की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। विशेष बात यह रही कि नोएडा में डीएसपी पद पर तैनात दलवीर सिंह यादव अपने पुत्र आईपीएस मृदुल यादव के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ फाग में सहभागिता की। बड़े प्रशासनिक पद पर होने के बावजूद दलवीर सिंह यादव हर वर्ष होली पर अपनी ससुराल नगला जोधा आकर परंपराओं को निभाते हैं।
इस दौरान उन्होंने साउंड सिस्टम के साथ पारंपरिक फाग गाकर समा बांध दिया, जिससे माहौल पूरी तरह होलीमय हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों पुरानी फाग गायन की परंपरा आज भी जीवित है और युवा पीढ़ी भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। कार्यक्रम में आसपास के गांवों के लोग भी शामिल हुए। आईपीएस मृदुल यादव, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात हैं, ने भी ग्रामीणों का अभिवादन कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर दीपू यादव, आदेश, मंदिर के महंत मकसूदनदास, मलहे, राजकुमार समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से गांव में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती देने का संदेश दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



