जान से मारने की धमकी का आरोप, युवक ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
कंचौसी के बिहारीपुर गांव के युवक कृष्ण मुरारी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है कि गांव के प्रमोद सिंह ठाकुर और अन्य लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवक ने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कंचौसी, संवाददाता। दिबियापुर थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव निवासी एक युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर लगातार जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित ने शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। बिहारीपुर गांव निवासी कृष्ण मुरारी ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव के प्रमोद सिंह ठाकुर एवं अन्य लोग उसे लगातार धमका रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपित आए दिन उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देते हैं, जिससे वह भयभीत है।
कृष्ण मुरारी ने बताया कि अप्रैल माह में उसके घर में घुसकर मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था। आरोप है कि उसी मुकदमे की रंजिश को लेकर विपक्षी पक्ष लगातार दबाव बना रहा है और समझौता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उसने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित को हरसंभव सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


