एक माह में तीसरी चोरी से दहशत, दो घरों से लाखों के जेवर व नकदी पार
सराय शीश ग्रांन गांव में चोरों ने दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली है। एक माह में तीसरी बड़ी चोरी से ग्रामीणों में असुरक्षा और पुलिस प्रति नाराजगी बढ़ रही है। चोरों ने घरों में पहले ताले तोड़कर चोरी की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

थाना क्षेत्र के सराय शीश ग्रांन गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। एक माह के भीतर क्षेत्र में चोरी की यह तीसरी बड़ी वारदात है। लगातार हो रही घटनाओं और पूर्व की चोरी का खुलासा न होने से ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ पुलिस के प्रति नाराजगी भी बढ़ रही है। गांव निवासी शीलू पुत्र रामप्रकाश के घर चोरों ने कमरे के ताले तोड़कर सोने की दो अंगूठियां, एक जोड़ी झाले, दो जोड़ी बालियां, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा 28 हजार रुपये नकद पार कर दिए। घटना के समय परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे, जबकि शीलू की मां कांति देवी घर के बाहर सो रही थीं। सुबह जागने पर चोरी की जानकारी हुई。
दूसरा घर भी हुआ चोरी का शिकार
इसी रात करीब 100 मीटर दूर रहने वाली शकुंतला पत्नी सुरेंद्र कुमार के घर भी चोरों ने धावा बोल दिया। यहां से एक जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी की कमरकुंदनी, करीब 100 ग्राम चांदी की पायल, एक अंगूठी, साड़ियों से भरा बैग तथा लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। ग्रामीणों के अनुसार वारदात से पहले चोरों ने 11 केवी विद्युत लाइन पर चेन फेंककर फाल्ट करा दिया था, जिससे कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग ने लाइन दुरुस्त करने के साथ इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता नहीं बरती, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक माह में हुई तीन चोरियों में से एक का भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


