Auraiya News: खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाएं, संदर्शिका से शिक्षण बनाएं प्रभावी
Auraiya News: बीआरसी बाबरपुर में चल रहे पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण के दूसरे दिन शिक्षकों को संदर्शिका के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर दिया गया, जिससे बच्चों की भाषा और गणित की दक्षताएँ मजबूत होंगी। शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नए शिक्षण तरीकों की जानकारी दी गई।

Auraiya News: बीआरसी बाबरपुर में चल रहे पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण के दूसरे दिन गुरुवार को शिक्षकों को संदर्शिका के प्रभावी और योजनाबद्ध उपयोग की जानकारी दी गई। प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के लिए खेल-खेल में सीखने और गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि संदर्शिका शिक्षकों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका है। इसके नियमित और सही उपयोग से कक्षा शिक्षण को सरल व प्रभावी बनाने के साथ बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाई जा सकती है। संदर्भदाता विनीत गुप्ता, शैलेंद्र बाबू पाल, अनुपम शुक्ला और अरुण तोमर ने प्रशिक्षण में शामिल 100 शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संदर्शिका के प्रयोग की जानकारी दी।
शिक्षकों को बच्चों की उम्र, स्तर और सीखने की क्षमता के अनुसार गतिविधियों को कक्षा में लागू करने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने भी विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग कर शिक्षण की नई विधियों को समझा। संदर्भदाताओं ने कहा कि गतिविधि आधारित पढ़ाई से बच्चों की सहभागिता बढ़ने के साथ उनके सीखने के स्तर में भी सुधार होगा।

