
घर से डेढ़ किलोमीटर दूर पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
Auraiya News - दिबियापुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ पर लटका मिला। परिजन इसे आत्महत्या मान रहे हैं। युवक, रामप्रकाश शर्मा का 26 वर्षीय पुत्र, नोएडा में वेल्डिंग का काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिबियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ पर फांसी से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन इसे आत्महत्या मान रहे हैं। दिबियापुर क्षेत्र के गांव औंतों निवासी रामप्रकाश शर्मा का 26 वर्षीय पुत्र अमन नोएडा में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। परिजनों ने बताया कि पांच दिन पहले ही वह नोएडा से गांव लौटा था। बुधवार शाम वह घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजन उसे आसपास तलाशते रहे, मगर कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे गांव औंतों से डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित बले का पुरवा गांव के पास ग्रामीणों ने नीम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। इसकी सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। औंतों गांव से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अमन के रूप में की। ग्रामीणों में चर्चा रही कि युवक मानसिक रूप से तनाव में रहता था और शराब पीने का आदी था। हालांकि, वह दूसरे गांव के पास कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने फांसी लगाई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




