
घर में अकेली थी बबली, लौटे परिजन तो फंदे पर मिली
Auraiya News - कोतवाली क्षेत्र के पूठा गांव में 26 वर्षीय बबली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने घर में फांसी के फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने बताया कि बबली की शादी नौ साल पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के पूठा गांव में गुरुवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। 26 वर्षीय बबली पत्नी शिवपाल का शव दोपहर में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि बबली की शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी। उसका मायका अयाना थाना क्षेत्र के जसवंतपुर में है। दंपती के दो छोटे बच्चे छह वर्षीय जानवी और चार साल का बेटा हैं। गुरुवार को दोपहर में घर के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए थे, उस समय बबली अकेली ही घर पर थी।
कुछ देर बाद जब परिजन वापस लौटे तो अंदर का कमरा बंद मिला। दरवाजा खोलते ही बबली को फंदे से लटका देख सभी सन्न रह गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर नायब तहसीलदार प्रतिभा पाल, कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




