एनएमएमएस परीक्षा में चयनित छात्र का विद्यालय में सम्मान
Auraiya News - सदर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय गोहना के छात्र प्रभात कुमार ने 2025 की एनएमएमएस परीक्षा में चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहाँ स्कूल स्टाफ ने उन्हें तिलक कर स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि सही मार्गदर्शन से ग्रामीण छात्रों को उत्कृष्टता हासिल करने का मौका मिलता है।

औरैया, संवाददाता। सदर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय गोहना के छात्र प्रभात कुमार पुत्र संतोष कुमार ने वर्ष 2025 की नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) परीक्षा में चयनित होकर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उसे सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान इंचार्ज प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश व सहायक अध्यापक कुलदीप सिंह, सुभाष रंजन द्विवेदी तथा अवधेश पोरवाल सहित समस्त स्टाफ ने प्रभात कुमार का तिलक कर माल्यार्पण के साथ स्वागत किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय में हर्ष का माहौल रहा और अन्य छात्रों को भी इससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
इंचार्ज प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश ने कहा कि प्रभात कुमार की सफलता यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को यदि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे किसी भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एनएमएमएस जैसी छात्रवृत्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर किंतु प्रतिभाशाली छात्रों के लिए वरदान साबित होती हैं, जो उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए आत्मविश्वास और संसाधन प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थी को कक्षा 12 तक प्रति माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह छात्रवृत्ति माध्यमिक शिक्षा के दौरान शिक्षण सामग्री, पुस्तकों एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगी। साथ ही विद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं संचालित किए जाने की भी बात कही गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


