Auraiya News: विजयदशमी मिलन में बुजुर्गों का सम्मान, जरूरतमंद बेटियों-छात्रों को मदद
Auraiya News: क्षत्रिय महासभा का विजयदशमी मिलन समारोह होगा, जिसमें जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 25 हजार रुपये और गरीब छात्रों को 10 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। पूर्व सांसद धनंजय सिंह मुख्य अतिथि होंगे। समारोह का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकता और सहयोग को बढ़ावा देना है।

Auraiya News: क्षत्रिय महासभा के विजयदशमी मिलन समारोह में सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता दी जाएगी। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 25-25 हजार रुपये और गरीब छात्रों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। समाज के बुजुर्गों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को महाराणा प्रताप भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में महासभा के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी दी। महासभा के संरक्षक कुंवर रविंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि समारोह में पूर्व सांसद धनंजय सिंह मुख्य अतिथि होंगे। एमएलसी अविनाश चौहान और इटावा विधायक सरिता भदौरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों की भी सहभागिता रहेगी।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय जिया जी की स्मृति में संचालित बालिका विवाह योजना के तहत गरीब और असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 25-25 हजार रुपये के चेक दिए जाएंगे। स्वर्गीय राघव छात्रवृत्ति योजना के तहत जरूरतमंद छात्रों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वरिष्ठजनों को सम्मानित कर युवा पीढ़ी को उनके अनुभव और मार्गदर्शन से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।संरक्षक ने कहा कि विजयदशमी मिलन के माध्यम से समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ जरूरतमंद परिवारों की मदद करना उद्देश्य है। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। अधिक से अधिक लोगों को समारोह से जोड़ने के लिए संपर्क भी किया जा रहा है। महासभा अध्यक्ष रामकृपाल सिंह ने कहा कि समारोह में सामाजिक एकता और आपसी सहयोग का संदेश दिया जाएगा। बेटियों के विवाह में सहायता, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और बुजुर्गों के सम्मान के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का प्रयास है। उन्होंने समाज के लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील की। प्रेसवार्ता में राजेश सिंह कुशवाह, दिनकर प्रताप सिंह, सभासद विजय तोमर, रविभान सिंह और मुकेश सिंह समेत महासभा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


