सड़क हादसे में दो युवक गंभीर, बस चालक पर लापरवाही का आरोप
फफूंद-अछल्दा मार्ग पर महेवा तिराहे के पास एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार ये युवक भर्ती परीक्षा देने जा रहे थे। बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।

अछल्दा, संवाददाता। फफूंद-अछल्दा मार्ग पर महेवा तिराहे के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर कानपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। ग्राम पड़रिया छोटी निवासी अंकुश यादव ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई लवकुश यादव अपने चचेरे भाई अमित के साथ 27 अप्रैल की सुबह करीब 3:50 बजे मोटरसाइकिल से फतेहगढ़ होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहा था। आरोप है कि अछल्दा कस्बे के महेवा तिराहे पर सामने से आ रही लक्ष्मी नारायण इंटरनेशनल हाईस्कूल की बस के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक बस मोड़ दी, जिससे बाइक की बस से जोरदार टक्कर हो गई।हादसे
में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को जिला अस्पताल औरैया रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने कानपुर भेज दिया। वर्तमान में दोनों घायलों का इलाज कन्हैयालाल मेमोरियल अस्पताल सचेंडी, कानपुर में चल रहा है। परिजनों ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर होने के कारण तहरीर देने में देरी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


