
जले हुए मरीजों के उपचार पर गोष्ठी, दिए महत्वपूर्ण सुझाव
Auraiya News - पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज, औरैया में जलने के मरीजों के उपचार पर संगोष्ठी आयोजित की गई। प्रो. डॉ. राजकुमार मिश्रा ने जलने से बचाव और उपचार के उन्नत तरीकों पर जानकारी दी। कार्यक्रम में अनेक विशेषज्ञ, चिकित्सा छात्र और स्टाफ ने भाग लिया, जिससे चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, औरैया में बुधवार को जले हुए मरीजों की रोकथाम एवं उपचार विषय पर महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में देश के विख्यात विशेषज्ञ प्रो. डॉ. राजकुमार मिश्रा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और प्रतिभागियों को गंभीर जलन की स्थिति में शल्य चिकित्सा व उपचार की उन्नत विधियों की जानकारी दी। डॉ. मिश्रा ने जलने से बचाव के उपायों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जागरूकता और प्राथमिक उपचार की सही जानकारी होने से बड़ी संख्या में मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने जलने के बाद त्वरित चिकित्सा सहायता और संक्रमण नियंत्रण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का आयोजन दंत रोग विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. जूही यादव की देखरेख और महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. मुकेश वीर सिंह के निर्देशन में किया गया। अतिथि का स्वागत उप-प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार मेघवानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पवन शर्मा, शैक्षणिक संकाय अध्यक्ष डॉ. मेधा दास सहित अन्य संकाय सदस्यों ने किया। संगोष्ठी में विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, सीनियर व जूनियर रेजिडेंट, मेडिकल छात्र, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने जले हुए मरीजों के प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। चिकित्सा महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




