काली पट्टी बांधकर किया बोर्ड परीक्षा कार्य
Auraiya News - सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लहरापुर सहार में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर बोर्ड परीक्षा का कार्य किया और अपनी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से शासनादेश जारी करने की अपील की है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

सहार, संवाददाता। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा सुविधा न मिलने के विरोध में आंदोलनरत हैं। प्रदेश संगठन के आह्वान पर सोमवार को श्री सच्चिदानंद जन सहयोगी इंटर कॉलेज, लहरापुर सहार में कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर बोर्ड परीक्षा का कार्य किया और अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें राजकीय कर्मचारियों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उनका आरोप है कि प्रदेश सरकार ने माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को यह सुविधा दे दी है, लेकिन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अब तक इससे वंचित रखा गया है, जिससे उनमें असंतोष है। इस संबंध में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शासनादेश जारी करने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ औरैया के महामंत्री पंकज भदौरिया ने शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा मंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा विधान परिषद सभापति को भी पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग उठाई है। शिक्षक विधायक भी कर्मचारियों के समर्थन में पत्राचार कर चुके हैं। प्रदेश संगठन के आह्वान पर जिले के कई माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के दौरान कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया। कर्मचारियों का कहना है कि वे परीक्षा कार्य में बाधा नहीं डाल रहे हैं, बल्कि शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज करा रहे हैं। प्रदर्शन में सतेंद्र सिंह, सत्यप्रकाश, रामेन्द्र कुमार, राधेश्याम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द शासनादेश जारी नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


