2027 फतह का संकल्प लेकर मैदान में उतरें कार्यकर्ता : डॉ. रामकरन निर्मल
समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक औरैया में हुई, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की जरूरत बताई और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही।

औरैया, संवाददाता। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक बुधवार को शहर स्थित साई धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरन निर्मल ने कहा कि 2027 का चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए बेहद अहम है। चुनाव जीतने के लिए अभी से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने युवाओं से आगे आकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कहा कि जब कार्यकर्ता एक दिशा में मिलकर काम करते हैं तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं रहता। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि पार्टी की मजबूती बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से नियमित बैठकें करने और जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए। कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, गरीबों और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाह ने किया। बैठक में पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, महेंद्र त्रिपाठी, कमलेश तिवारी, सायरा बानो, रामकुमार दोहरे, अशोक गुप्ता, दिनेश मिश्रा, प्रशांत दिवाकर, प्रमोद पाल, अरविंद बर्मा, पुष्पेंद्र यादव, राजेंद्र दोहरे, दीपक सविता और उपेंद्र भारती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और जीत दिलाने का संकल्प लिया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


