Auraiya News: बिजली कटौती ने छीना चैन, रातभर गर्मी से जूझ रहे ग्रामीण
Auraiya News: भीषण गर्मी और उमस के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का रोस्टर ध्वस्त हो गया है। दिन में कई घंटे बिजली गुल रहने के बाद रात में भी बार-बार कटौती की जा रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की है।

Auraiya News: भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का रोस्टर ध्वस्त हो गया है। दिन में कई घंटे बिजली गुल रहने के बाद रात में भी बार-बार कटौती की जा रही है। इससे ग्रामीणों की नींद पूरी नहीं हो रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। बिधूना तहसील क्षेत्र के डॉ. सुनील राजपूत, गौरव गुप्ता, प्रमोद राजपूत, रविंद्र यादव और अवधेश गुप्ता ने बताया कि बिजली आने और जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। दिन में लंबे समय तक आपूर्ति बंद रहने के बाद देर रात भी बिजली काट दी जाती है।
इससे उमस भरी गर्मी में लोगों का घरों के अंदर रहना मुश्किल हो जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि शासन ने निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली देने के निर्देश दिए हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है। अघोषित कटौती से घरेलू कामकाज के साथ लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से रोस्टर के मुताबिक नियमित बिजली आपूर्ति कराने की मांग की है। चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

