कृष्टि चौहान ने 99.2 फीसदी के साथ किया जिला टॉप
Auraiya News - कृष्टि चौहान ने 99.2 फीसदी के साथ किया जिला टॉप- सीबीएसई इंटरमीडिएट में जिले के मेधावियों का जलवा - 21 स्कूलों के 1706 विद्यार्थियों का आया रिजल्ट, बे

औरैया, संवाददाता। सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में इस बार जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। जिले के 21 सीबीएसई विद्यालयों के कुल 1706 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, जिसमें बेटियों का दबदबा साफ नजर आया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसरों में जश्न का माहौल छा गया। छात्र-छात्राओं ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई, जबकि अभिभावकों और शिक्षकों ने मेधावियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। जिले की टॉपर बीबीएस स्मृति विद्यापीठ की छात्रा कृष्टि चौहान रहीं, जिन्होंने मानविकी वर्ग में 99.2 फीसद अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं रैपिड ग्लोबल स्कूल बिधूना के छात्र हर्ष सेंगर ने 98.2 फीसद अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
तीसरे स्थान पर सैमफोर्ड स्कूल की छात्रा वैश्नवी रहीं, जिन्होंने 98.40 फीसद अंक हासिल कर शानदार सफलता अर्जित की। इसके अलावा बीबीएस स्मृति विद्यापीठ की छात्रा दिव्यांशी धनगर ने जीव विज्ञान वर्ग में 98.8 फीसद अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। रैपिड ग्लोबल स्कूल के छात्र आशीष कुमार सिंह ने 98 फीसद अंक हासिल किए, जबकि रिचा ने 96.8 फीसद अंक प्राप्त किए। बीबीएस स्मृति विद्यापीठ के गणित वर्ग के छात्र उदय प्रताप ने 97 फीसद अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सैमफोर्ड स्कूल की छात्रा हबीबा जैदी ने 96.8 फीसद और एलीजा सिद्दीकी ने 96.4 फीसद अंक हासिल किए। वहीं सुदिती ग्लोबल एकेडमी की छात्रा माही गुप्ता ने विज्ञान वर्ग में 96.40 फीसद अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के छात्र श्वेत सिंह ने 95.80 फीसद अंक हासिल किए। जिले के कई अन्य विद्यालयों में भी विद्यार्थियों ने 90 फीसद से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा परिणाम ने जिले के शिक्षा जगत में नई ऊर्जा का संचार किया है। खास बात यह रही कि इस बार भी बेटियों ने अधिकांश टॉप स्थानों पर कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कई मेधावी विद्यार्थियों ने भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनने का लक्ष्य बताया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


