सीए फाइनल में जयेश व जयति ने पाई सफलता
Auraiya News - औरैया के जयेश और जयति पुरवार ने सीए फाइनल परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। दोनों ने पहले प्रयास में सफलता हासिल की और वर्तमान में अर्न्स्ट एंड यंग में आर्टिकलशिप कर रहे हैं। उनके परिवार और शिक्षकों ने उनकी मेहनत और अनुशासन की सराहना की है।

औरैया, संवाददाता। जनपद के दो होनहार छात्र-छात्रा जयेश व जयति पुरवार ने सीए फाइनल परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। सगे भाई बहन की इस उपलब्धि से परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। पहली मार्च 2026 को घोषित सीए फाइनल के परिणाम में दोनों ने प्रथम प्रयास में सफलता हासिल की। वर्तमान में दोनों प्रतिष्ठित संस्था अर्न्स्ट एंड यंग में आर्टिकलशिप कर रहे हैं। उनकी इस सफलता को लेकर शिक्षकों व साथियों ने भी बधाई दी है। जयेश और जयति का निवास औरैया शहर के पुराना बाजार क्षेत्र में है। उनकी माता रजनी पुरवार गृहिणी हैं।
जबकि पिता प्रदीप पुरवार एलआईसी में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार दोनों ने शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। शैक्षिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो दोनों ने स्नातक बीकॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से की। जयेश ने हंसराज कॉलेज से और जयति ने दौलतराम कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इंटरमीडिएट की शिक्षा गेल डीएवी पब्लिक स्कूल, दिबियापुर से पूरी की, जहां वर्ष 2020 में जयेश जिला टॉपर रहे, जबकि जयति ने जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। हाईस्कूल की परीक्षा सेंट फ्रांसिस अकादमी आनेपुर से उत्तीर्ण की, जिसमें जयति वर्ष 2018 में जिला टॉपर रहीं। परिवारजनों ने उनकी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



