
बाजारों व चौराहों पर चला ऑपरेशन मुक्ति अभियान
Auraiya News - जिला प्रशासन ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति 5.0 के तहत ऑपरेशन मुक्ति अभियान चलाया। इस दौरान, बालश्रम और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए बाजारों में अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने लोगों को बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ सचेत किया और शिक्षा से जोड़ने का आग्रह किया।
शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संकल्प हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के तहत मिशन शक्ति 5.0 के 90 दिवसीय विशेष कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने ऑपरेशन मुक्ति अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश व जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने जनपद के बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर बालश्रम एवं बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप कुमार ने लोगों को बताया कि बालश्रम कराना कानूनन अपराध है और इसके लिए सख्त दंड का प्रावधान है।

वहीं डीएमसी सपना देवी ने पंपलेट वितरित कर बाल विवाह के दुष्परिणामों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, साथ ही बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर बल दिया। अभियान में शामिल अधिकारियों ने दुकानदारों, राहगीरों व अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को मजदूरी पर न रखें और न ही उम्र से पहले शादी कराएं, क्योंकि यह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। जागरूकता के साथ निगरानी टीम ने बालश्रम की संभावित स्थितियों पर नजर भी रखी। अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, डीएमसी सपना देवी, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वर्षा गुप्ता, पैरामेडिकल नर्स प्रियंका कुमारी, मनोज कुमार, नागेन्द्र सिंह, जीत सिंह, आरक्षी रीता यादव, आरक्षी अंशू यादव तथा दो गार्ड शामिल रहे। जिला प्रशासन ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि बालश्रम और बाल विवाह पूरी तरह समाप्त हो सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


