नहरपुल निर्माण की तैयारी तेज, जल्द शुरू होगा काम
Auraiya News - अछल्दा में 172 वर्ष पुराने जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। पीडब्ल्यूडी ने अगस्त 2023 में प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा और इसे बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से बनाया जाएगा, जो अधिक मजबूत और टिकाऊ है।

अछल्दा, संवाददाता। कस्बे की निचली गंग नहर पर बने करीब 172 वर्ष पुराने जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण को लेकर विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार सुबह से ही क्षतिग्रस्त पुल के पूर्वी हिस्से में मशीनों के जरिए साफ-सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। ज्ञात हो कि तीन वर्ष पूर्व जिला प्रशासन ने इस पुराने पुल को क्षतिग्रस्त घोषित कर दिया था। इसके बाद सुरक्षा के दृष्टिगत यहां हाई गेज लगाकर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी।
पुल की खराब स्थिति के चलते क्षेत्रीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और नए पुल के निर्माण की मांग लगातार उठ रही थी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अगस्त 2023 में नए पुल के निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद 5 जनवरी 2025 को करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई। अब विभाग ने निर्माण से पूर्व आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को पोखलेण्ड मशीन की मदद से झाड़ियों और अवरोधों को हटाकर स्थल को समतल किया गया। साथ ही निर्माण सामग्री रखने के लिए भी जगह तैयार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार नहर का क्लोजर मिलते ही पुल निर्माण का मुख्य कार्य शुरू कर दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता आकांक्षा ने बताया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सरकारी जमीन पर किए गए कब्जों को हटाने के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार किया गया है।बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से बनेगा पुलअछल्दा। इस पुल का निर्माण बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से किया जाएगा, जो सामान्य पुलों की अपेक्षा अधिक मजबूत और टिकाऊ मानी जाती है। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार इस तकनीक में सरिया और सीमेंट कंक्रीट का उपयोग होता है और पूरे ढांचे में कहीं जोड़ नहीं होता, जिससे इसकी मजबूती और आयु दोनों अधिक होती हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


