ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश औरैयालापरवाह अधिकारी, नरक भोग रही आबादी

लापरवाह अधिकारी, नरक भोग रही आबादी

कहने को तो आवास विकास कालोनी हैं, लेकिन सुविधाओं का टोटा है। यहां न तो पानी निकास की कोई व्यवस्था है। न ही साफ सफाई की। सीवर लाइन चोक होने से सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है। अधिकांश सड़कें भी उखड़...

लापरवाह अधिकारी, नरक भोग रही आबादी
हिन्दुस्तान टीम,औरैयाThu, 17 Oct 2019 09:20 PM
ऐप पर पढ़ें

कहने को तो आवास विकास कालोनी हैं, लेकिन सुविधाओं का टोटा है। यहां न तो पानी निकास की कोई व्यवस्था है। न ही साफ सफाई की। सीवर लाइन चोक होने से सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है। अधिकांश सड़कें भी उखड़ चुकी हैं। कई शिकायतों के बावजूद लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। तो वहीं लापरवाह आवास विकास के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

शहर के आवास विकास कॉलोनियों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की जिम्मेदारी विभाग के अधिकारियों की है। लेकिन साफ-सफाई व अन्य सुविधाओं के लिए कुछ ही कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। जिन पर पूरी कालोनी की साफ सफाई व अन्य जिम्मेदारी है। अधिकारियों की लापरवाही से चारों ओर गंदगी फैली है। इस बावत कालोनी के लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी सप्ताह में एक या दो बार ही कार्यालय पर मिलते हैं। सीवर लाइन कई महीनों से चोक है। सीवर का पानी सड़कों पर भरा रहता है। इसके अलावा जल निकासी की व्यवस्था न होने से जल भराव है। जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बदबू से लोगों का जीना दूभर हो गया है। अधिकांश सड़कें भी उखड़ गईं हैं। जिन पर पैदल चलना भी मुश्किल होता है।

कालोनी के लोगों ने किया प्रदर्शन

औरैया। गौरैया तालाब के समीप बनी कांशीराम कालोनी में कई महीने पहले सीवर लाइन चॉक हो गई थी। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है। दुर्गंध से लोगों का हाल बेहाल था। शिकायत करने के बावजूद भी आवास विकास के अधिकारियों ने कोई ध्यान नही दिया। जिसकी शिकायत लोगों से सभासद से की। सभासद ने नगर पालिका के सहयोग से सीवर टैंकों की सफाई कराई।

मोहल्ले की नालियां चोक हैं। जिसके चलते पानी सड़कों व खाली स्थानों में भर जाता है। साथ ही दुर्गंध भी आती है। जिससे घरों में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार शिकायत की गई। लेकिन कोई सुनाई नही हुई। -मुस्तकीम वारसी

दुकान के सामने खाली प्लाट में वर्षों से पानी भरा है। आवास विकास के अधिकारी कोई ध्यान नही देते हैं। जबकि शिकायत करने पर नगर पालिका कई बार पानी निकला चुकी है। लेकिन नाली चॉक होने से कुछ समय बाद समस्या जस की तस हो जाती है। जिसके चलते लोगों का घर के बाहर बैठना भी मुश्किल है। - बंटी सरदार

सीवर चोक व जल निकासी की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। शिकायत करने के बाद भी अधिकारी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नही दे रहे हैं। सीवर चॉक होने से कालोनी की स्थिति बेहद खराब है। पालिका से मशीन मंगाकर टैंकों की सफाई कराई जा रही है। - सतीश पाठक, सभासद

सीवर लाइन के चेंबर भी जगह-जगह खुले हैं। कालोनी के बच्चे खेलते रहते हैं। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी गड्ढे खुले हैं। साथ ही उखड़ी सड़कें लोगों के लिए मुसीबत बनी हैं। -मनोज कुमार

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें