Auraiya News: पांच पंडालों में विराजीं मां दुर्गा, जयकारों से गूंजा सहार
Auraiya News: शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन बिधूना कस्बे में पांच स्थानों पर सजे दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन और शाम को महाआरती हुई, जिसमें ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजे। बिधूना तिराहे पर जय मां दुर्गे मूर्ति स्थापना समिति ने 15वीं बार माता का दरबार सजाया।

Auraiya News: शारदीय नवरात्र पर कस्बे में पांच स्थानों पर मां दुर्गा के भव्य पंडाल सजाए गए हैं। सुबह और शाम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन एवं आरती की जा रही है। मंगलवार को नवरात्र के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चंद्रघंटा स्वरूप की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। कस्बे के रामलीला मैदान में आलोक पांडेय, स्टेट बैंक के पास हरभान राजपूत, सब्जी मंडी में आशुतोष शुक्ला, सहार बस्ती में सुबोध दिवाकर और बिधूना तिराहे पर निर्भय शुक्ला एवं समिति के सदस्यों की देखरेख में पंडाल सजाए गए हैं। इनमें विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
बिधूना तिराहे पर जय मां दुर्गे मूर्ति स्थापना समिति की ओर से इस वर्ष 15वीं बार माता का दरबार सजाया गया है। पंडाल को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप दिया गया। यहां प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। तीसरे दिन आचार्य प्रदीप दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां चंद्रघंटा का विधि-विधान से पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। शाम को महाआरती के दौरान पूरा पंडाल ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान ग्रीस तोमर, निर्भय शुक्ला, उमेश तिवारी, विशेष गुप्ता, वैभव पांडेय, शैलेश सेंगर, सौरभ चौहान, सत्यम ठाकुर, मनोज राजपूत, डॉ. शैलेंद्र राजपूत, राज शुक्ला, गोविंद पोरवाल, प्रसून सिंह और प्रखर भदौरिया समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे।


