Auraiya News: हड़ताल से बैंकों में लटके ताले, 100 करोड़ का लेनदेन प्रभावित
Auraiya News: पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे जिले की बैंकिंग व्यवस्था प्रभा

Auraiya News: पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे जिले की बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित रही। बैंक शाखाओं में कामकाज ठप होने से करीब 100 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित होने का दावा किया गया। शहर में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर हुई एक दिवसीय हड़ताल का असर सुबह से ही दिखाई दिया। बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहने से लेनदेन के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी।
नकद जमा और निकासी के साथ चेक क्लीयरेंस सहित शाखाओं से जुड़े दूसरे काम प्रभावित हुए। हालांकि डिजिटल माध्यम से होने वाले लेनदेन चलते रहे। सुबह करीब 11 बजे शहर के कानपुर रोड स्थित केनरा बैंक के सामने अधिकारी और कर्मचारी एकत्र हुए। धरना देकर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर निर्णय नहीं लिया जा रहा है। सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों के काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बन सकेगा। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित भेदभाव का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इसके वितरण में समान व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि एक दिवसीय हड़ताल के बाद भी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित है। धरना-प्रदर्शन में मनोज राठौर, घुवीर तिवारी, कक्का सिंह शाक्य, सपना शुक्ला, राम कृपाल सिंह, आशुतोष पांडेय, सुशील कुमार, आयुतोष मिश्रा, अविनाश कुमार, आशीष कुमार, अंकुर श्रीवास्तव, जेके शुक्ला, जितेंद्र कुमार, इंद्रपाल, सत्येंद्र कुमार और राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन सलिल कुमार सक्सेना ने किया।


