Auraiya News: मिट्टी पड़ी सड़क पर चलना मुश्किल, नाली की पटरी बनी बच्चों का सहारा
Auraiya News: विकास खंड एरवाकटरा की ग्राम पंचायत कुदरकोट में अस्थल वाली गली की बदहाल सड़क ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर मि

Auraiya News: विकास खंड एरवाकटरा की ग्राम पंचायत कुदरकोट में अस्थल वाली गली की बदहाल सड़क ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर मिट्टी डाल दिए जाने से बारिश होते ही रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। हालात यह हैं कि छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने के लिए सड़क छोड़कर किनारे बनी नाली की संकरी पटरी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क पर मिट्टी और पानी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चे नाली की पटरी पर संभल-संभलकर कदम रखते हुए निकलते हैं। जरा सा संतुलन बिगड़ने पर कीचड़ में गिरने का खतरा बना रहता है।
कई बार कपड़े गंदे हो जाने के कारण बच्चों को स्कूल जाने के बजाय घर लौटना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्कूल जाते समय किताब-कॉपी से ज्यादा चिंता अपनी ड्रेस को कीचड़ से बचाने की रहती है। वहीं अभिभावकों को बच्चों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने का डर सताता रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक अस्थल वाली गली कुदरकोट की बड़ी आबादी और स्कूली बच्चों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क को जल्द दुरुस्त कराकर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।


