Auraiya News: बारिश के बाद जर्जर स्कूल के लेंटर से गिरा मलबा, बाल-बाल बचे बच्चे
Auraiya News: विकासखंड बिधूना के गांव भदौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन बच्चों के लिए खतरा बन गया है। बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद विद्यालय की कक्ष

Auraiya News: विकासखंड बिधूना के गांव भदौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन बच्चों के लिए खतरा बन गया है। बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद विद्यालय की कक्षाओं के लेंटर का मलबा टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि तब तक विद्यालय की छुट्टी हो चुकी थी और बच्चे घर जा चुके थे। इससे बड़ा हादसा टल गया। गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने पर बच्चे पहुंचे तो कक्षाओं के अंदर लेंटर का मलबा पड़ा देख सहम गए। जर्जर छत से दोबारा मलबा गिरने की आशंका के चलते बच्चों ने कक्षाओं में बैठने से इनकार कर दिया और अपने घर लौटकर अभिभावकों को जानकारी दी।
इसके बाद करीब एक दर्जन अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने जर्जर कमरों में बच्चों को न बैठाने और सुरक्षित स्थान पर पढ़ाई कराने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने जर्जर कक्षाओं और गिरे मलबे के फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए। मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रामकुमारी ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर भवन की स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर विद्यालय परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय की कक्षाओं में उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को बैठाकर पढ़ाई शुरू कराई गई। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय भवन काफी समय से जर्जर है। बारिश के बाद इसकी स्थिति और खराब हो गई है। छत से मलबा गिरने के बाद बच्चों को इन कमरों में बैठाना जोखिम भरा है। इसके बावजूद अब तक भवन की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की ठोस व्यवस्था नहीं हुई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जर्जर भवन को तत्काल अनुपयोगी घोषित कर बच्चों के लिए सुरक्षित व्यवस्था करने के साथ नया भवन बनवाने की मांग की है। प्रधानाध्यापिका रामकुमारी ने बताया कि जर्जर भवन की स्थिति से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उनके निर्देश पर बच्चों को परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय की कक्षाओं में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है।


