सराफा कारीगर की गला काटकर हत्या, शहर में सनसनी
Auraiya News - बुधवार शाम को शहर में एक सराफा कारीगर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक, जो पश्चिम बंगाल का निवासी था, पिछले छह साल से औरैया में रह रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतलें और भोजन के बर्तन बरामद किए हैं। सीसीटीवी डीवीआर भी आरोपी द्वारा उखाड़ लिया गया, जिससे पहचान में मुश्किल हो रही है।

शहर में एक किराए के कमरे से बुधवार शाम सराफा कारीगर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बंगाल मूल का कारीगर छह वर्ष से यहां रहकर काम कर रहा था। कमरे से शराब की बोतलें और भोजन के बर्तन मिलने पर संदेह है कि वारदात से पहले आरोपी उसके साथ मौजूद थे और भागते समय कमरे का सीसीटीवी डीवीआर उखाड़ ले गए। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हलवाईखाना में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के कमरे में रह रहे 36 वर्षीय सराफा कारीगर एसके सैदुल्ला पुत्र एसके अफसर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। मृतक पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के देवानबेहरी का निवासी बताया जा रहा है।
वह बीते छह वर्ष से औरैया में रहकर सराफा बाजार में कारीगरी का काम करता था। साढ़े चार बजे के करीब मृतक का एक परिचित मिलने पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला और अंदर शव पड़ा देखकर बाहर निकलकर शोर मचाया। देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर उमड़ आए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी अशोक कुमार और बाद में एसपी अभिषेक भारती व अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्र भी मौके पर पहुंचे। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और कमरे से नमूने इकट्ठे किए। पुलिस को कमरे से शराब की बोतलें, गिलास और प्लेट में रखा मांस मिला है। इससे पुलिस की जांच इस दिशा में भी बढ़ी है कि आरोपी वारदात से पहले मृतक के साथ कमरे में मौजूद थे। सबसे अहम बात यह है कि भागते समय आरोपी कमरे में लगा सीसीटीवी डीवीआर उखाड़कर ले गए, जिससे फुटेज के जरिए पहचान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी फिलहाल गायब है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या धारदार हथियार से की गई और इसमें दो लोगों की संलिप्तता की आशंका है। सीओ सिटी ने बताया कि आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के परिचितों व संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। एएसपी आलोक मिश्र ने कहा कि घटना गंभीर है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


