संविदा नलकूप चालक की गोली मारकर हत्या

Dec 30, 2025 07:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share Share
Follow Us on

Auraiya News - सदर कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड पर नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार रात दारू पार्टी के दौरान संविदा नलकूप चालक किशन गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशन के परिवार में मातम छा गया है और लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

संविदा नलकूप चालक की गोली मारकर हत्या

सदर कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड स्थित नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार देर रात दारू पार्टी के दौरान हुए विवाद में संविदा नलकूप चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को गंभीर हालत में जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव शाम को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान सीओ की जाम लगाए लोगों से तीखी झड़प हुई। गोविंद नगर उत्तरी निवासी 25 वर्षीय किशन गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर स्थित नलकूप पर पिछले तीन वर्षों से संविदा चालक के रूप में कार्यरत था।

सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे नलकूप परिसर में दारू पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान किशन को गोली मार दी गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग किशन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही किशन को लाने वाले लोग शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव आने पर परिजनों ने दिबियापुर रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान पहुंचे सीओ अशोक सिंह की जाम लगाए लोगों से तीखी झड़प हुई। काफी समझाने बुझाने के बाद लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने पिता की तहरीर पर ओमजी गुप्ता समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पहले से मारने की धमकी देने का आरोप औरैया। मृतक के पिता अशोक कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी। तहरीर में आरोप लगाया कि वह नगर पालिका चेयरमैन का वाहन चालक ओमजी गुप्ता उनके बेटे को पहले से धमकाता चला आ रहा था। सोमवार रात भी धमकी देने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर नलकूप के कमरे में किशन की गोली मारकर हत्या कर दी और शव अस्पताल में छोड़कर भाग गए। मुहल्ले में पसरा मातम, आक्रोश भी औरैया। किशन की मौत की खबर मिलते ही गोविंद नगर में कोहराम मच गया। घर पर महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मुहल्ले के लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिवार का इकलौता सहारा था किशन औरैया। किशन अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। पिता अशोक कुमार मूल रूप से कानपुर देहात के मंगलपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो आठ साल पहले परिवार सहित औरैया आए थे। किशन की अप्रैल में शादी तय थी। परिवार की सारी जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। बेटे की मौत से पिता सदमे में हैं और मां व भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsAuraiya NewsMurder of Contract Pump Operator During Alcohol Party in Auraiya
;;
;