Hindi NewsUttar-pradesh NewsAuraiya NewsMinister Inspects Ongoing Construction of Police Line Housing Urges Quality Assurance
प्रभारी मंत्री ने रिजर्व पुलिस लाइन निर्माण का किया निरीक्षण

प्रभारी मंत्री ने रिजर्व पुलिस लाइन निर्माण का किया निरीक्षण

संक्षेप: Auraiya News - जनपद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शेरपुर सरैया में निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और कार्यदाई संस्था को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Thu, 6 Nov 2025 06:58 PMNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share Share
Follow Us on

जनपद प्रभारी मंत्री एवं महिला कल्याण, बाल विकास व पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को शेरपुर सरैया स्थित निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदाई संस्था को मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप और समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सही न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि आगामी निरीक्षण तक सुधार नहीं हुआ, तो कार्यदाई संस्था और ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मंत्री ने निर्देश दिया कि कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग के लिए किसी जेई या एई की तैनाती की जाए, जो निर्माण सामग्री की जांच कर अपनी आख्या में उल्लेख करे। उन्होंने कहा कि कार्य की सतत निगरानी और सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्माण में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने पूर्व से डम्प की गई मौरम व बालू को हटवाने, परिसर में बैरीकेडिंग कराने तथा कार्य की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट कहा कि भवन की मजबूती को देखते हुए रिसाइकिल सरिया का प्रयोग किसी भी दशा में नहीं किया जाए। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पूरा पालन किया जाए और सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, अधिशाषी अभियंता अमर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि और ठेकेदार मौजूद रहे।