मां काली मंदिर में चोरी, दानपात्र से 90 हजार व घंटे ले गए चोर
Auraiya News - रुरुगंज में मां काली माता के मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दानपात्र से 90 हजार रुपये नकद और माता रानी की दो मालाएं चुरा लीं। मंदिर में लगे करीब 50 किलो वजनी घंटे और घंटियां भी गायब हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिधूना, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र की रुरुगंज पुलिस चौकी अंतर्गत कस्बा रुरुगंज में रविवार रात चोरों ने गांव के बाहर स्थित मां काली माता के मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दानपात्र से करीब 90 हजार रुपये नकद, माता रानी के गले की दो मालाएं तथा मंदिर में लगे करीब 50 किलो वजनी घंटे और घंटियां चोरी कर ले गए।देर रात खेतों की रखवाली कर लौट रहे किसान महेश और छंगे ने मंदिर का गेट खुला देखा। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना मंदिर के पुजारी कपिल भगत को दी। मौके पर पहुंचे पुजारी ने देखा कि मंदिर का ताला टूटा पड़ा था।
अंदर जाने पर दानपात्र खाली मिला, जबकि माता रानी की प्रतिमा से मालाएं गायब थीं और मंदिर में लगे घंटे व घंटियां भी नहीं थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। रुरुगंज चौकी इंचार्ज राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


