लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में औरैया के अधिवक्ताओं की हड़ताल, जमकर नारेबाजी
लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जनपद के अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

औरैया, संवाददाता। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में रविवार को जनपद के अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। जिला मुख्यालय स्थित कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से पूर्ण रूप से विरत रहकर धरना-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं की चेतावनी
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि लखनऊ में नगर निगम द्वारा सड़क किनारे बने अधिवक्ताओं के चैंबरों को अतिक्रमण बताकर जेसीबी से हटाया जा रहा था। इस दौरान विरोध कर रहे अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिवक्ता घायल हो गए। घटना से प्रदेश भर के अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। औरैया में अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में धरना देकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता
वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने घायल वकीलों को न्याय दिलाने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह भदौरिया, अजय पाल सिंह, अभिषेक शुक्ला, कुलदीप दुबे, अतेंद्र पांडे, सुनील दुबे, संजीव चतुर्वेदी, धीरेंद्र शुक्ला, अनुराग त्रिपाठी, मंजुल मिश्रा, विकास त्रिपाठी, अनूप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
तहसील में भी जारी रहा अधिवक्ताओं का धरना
बिधूना/अजीतमल। लखनऊ की घटना के विरोध में तहसील स्तर पर भी अधिवक्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने धरना जारी रखते हुए तहसील प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे वकीलों पर बल प्रयोग बेहद निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


