जमीन, नाली और पानी निकासी के विवाद छाए रहे, थाना दिवस में पहुंचीं छह शिकायतें
अजीतमल में शनिवार को आयोजित थाना दिवस पर जमीन पर कब्जा, नाली विवाद और पानी निकासी की समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए और मौके पर जांच के लिए टीमों का गठन किया। तहसीलदार ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वय से समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

अजीतमल, संवाददाता। जमीन पर कब्जा, नाली विवाद और पानी निकासी की समस्याएं शनिवार को आयोजित थाना दिवस में प्रमुख रूप से छाई रहीं। कोतवाली परिसर में आयोजित थाना दिवस में पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि एवं राजस्व विवाद से संबंधित रहे। अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। थाना दिवस में तहसीलदार अजीतमल अविनाश वर्मा एवं कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसीलदार ने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि लंबित विवादों का समाधान कराया जा सके। थाना दिवस में ककरैया निवासी गंगाराम पुत्र स्व. कल्लू ने अपनी पैतृक भूमि पर गांव के ही बृजलाल द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं गोकुलपुर निवासी जबर सिंह पुत्र सोनेलाल ने नाली विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। रूरुआ गांव निवासी सुदामा लाल पुत्र झरगदी ने खेत की मेड़ काटे जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा लक्ष्मण की मड़ैया निवासी शोभना कुमारी पत्नी भारत सिंह ने पानी निकासी को लेकर चल रहे विवाद की शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी। तहसीलदार ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लेखपालों एवं पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच करने और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वय से विवादित मामलों का निष्पक्ष समाधान कराया जाएगा। इस दौरान क्राइम प्रभारी रामचंद्र वर्मा, सभी चौकी प्रभारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


