Auraiya News: जमीन के खूनी विवाद की भेंट चढ़ी महिला, 24 घंटे तक रुका अंतिम संस्कार

हिन्दुस्तान, औरैया
Follow us on Google News
share

Auraiya News: भैंसोल गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समाजवादी पार्टी के विधायक प्रदीप यादव ने मामले में हस्तक्षेप किया और कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर अंतिम संस्कार के लिए परिवार सहमत हुआ।

Auraiya News: जमीन के खूनी विवाद की भेंट चढ़ी महिला, 24 घंटे तक रुका अंतिम संस्कार

Auraiya News: थाना क्षेत्र के गांव भैंसोल में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की सैफई मेडिकल विश्वविद्यालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। आरोपितों की गिरफ्तारी तथा हल्का इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। करीब 24 घंटे तक चले गतिरोध के बाद मंगलवार को समाजवादी पार्टी के विधायक प्रदीप यादव की मौजूदगी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता हुई। कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। परिजनों के अनुसार 22 जून की रात जमीन के पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने घर में घुसकर लोहे की सरिया से हमला कर महिला और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाया गया, जहां से महिला को सैफई मेडिकल विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि करीब ढाई बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इस संबंध में पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपितों के हौसले बढ़ते गए। उनका कहना है कि मुख्य आरोपित के खिलाफ कुछ दिन पहले शांतिभंग की कार्रवाई भी हुई थी, इसके बावजूद विवाद थमा नहीं। सोमवार को शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और आरोपितों की गिरफ्तारी, हल्का इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग करते हुए अंतिम संस्कार रोक दिया। विरोध के दौरान मौके पर पहुंचे हल्का इंचार्ज का ग्रामीणों ने विरोध किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मंगलवार सुबह सपा विधायक प्रदीप यादव गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग उठाई। विधायक ने अपनी ओर से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और मंगलवार दोपहर महिला का अंतिम संस्कार कराया गया। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घायल महिला की मृत्यु के बाद मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsAuraiya NewsAuraiya News: जमीन के खूनी विवाद की भेंट चढ़ी महिला, 24 घंटे तक रुका अंतिम संस्कार