
जनता दर्शन की शिकायत पर खुली बैठक, 37 वोटों पर आपत्ति की जांच शुरू
Auraiya News - विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत वैसोली में फर्जी मतदाता बनाए जाने की शिकायत पर प्रशासन ने जांच शुरू की। 3 फरवरी को ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पंचायत में 200 से 300 फर्जी वोट बनाए गए हैं। खुली बैठक में 37 वोटों पर आपत्ति दर्ज की गई। संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया गया।
अछल्दा, संवाददाता। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत वैसोली में फर्जी मतदाता बनाए जाने की शिकायत पर प्रशासन सक्रिय हो गया है। जनता दर्शन में शिकायत मिलने के बाद अपर जिलाधिकारी अवनीश चन्द्र मौर्य ने प्राथमिक विद्यालय दिलीपपुर में ग्रामीणों की मौजूदगी में खुली बैठक कर मतदाता सूची की जांच कराई। बैठक में करीब तीन दर्जन से अधिक वोटों पर आपत्ति दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है। जानकारी के अनुसार 3 फरवरी को भुवनेश कुमार पुत्र जोर सिंह निवासी अछल्दा तथा राहुल पुत्र जयवीर सिंह निवासी नगला खगा ने जनता दर्शन में शिकायत कर आरोप लगाया था कि पंचायत में करीब 200 से 300 तक फर्जी वोट बनाए गए हैं।
उन्होंने पंचायत में तैनात बीएलओ प्रदीप कुमार समेत अन्य पर अनियमितता के आरोप लगाए थे। सोमवार को आयोजित खुली बैठक में अधिकारियों ने मतदाता सूची पढ़कर सुनाई और ग्रामीणों से आपत्तियां मांगीं। इस दौरान कई ग्रामीणों ने बाहरी व्यक्तियों के नाम सूची में दर्ज होने और कुछ मतदाताओं की उम्र कम होने की बात कही। कुल 37 नामों पर आपत्ति दर्ज की गई, जिनकी जांच कराई जा रही है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाए और यदि कोई नाम गलत तरीके से दर्ज पाया जाए तो उसे तत्काल मतदाता सूची से हटाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि सही जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन का सहयोग करें। खंड विकास अधिकारी सतीश पाण्डेय ने बताया कि जिन 37 मतदाताओं पर आपत्ति आई है, उनमें कुछ अन्य ब्लॉकों भाग्यनगर व अजीतमल के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ की उम्र निर्धारित मानक से कम प्रतीत हो रही है। सभी मामलों की जांच कराई जा रही है और फर्जी पाए जाने पर संबंधित नाम काट दिए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




