योग सप्ताह से पहले ब्लॉक कर्मियों को दिया गया कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण

हिन्दुस्तान, औरैया
Follow us on Google News
share

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत औरैया में एक दिवसीय कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों और स्वास्थ्य साधकों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिससे योग को दिनचर्या में शामिल करने के लिए जागरूकता बढ़ाई जा सके।

योग सप्ताह से पहले ब्लॉक कर्मियों को दिया गया कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण

औरैया, संवाददाता। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जनपद में गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं योग वेलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय के तत्वावधान में शनिवार को क्षेत्र पंचायत एवं खंड विकास कार्यालय औरैया में एक दिवसीय कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों, कर्मचारियों तथा योग में रुचि रखने वाले स्वास्थ्य साधकों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. परवीन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पांडेय की देखरेख में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र नारायण द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रशिक्षण की शुरुआत प्रार्थना मंत्र एवं संगठन मंत्र से हुई। इसके बाद सूक्ष्म व्यायाम के अंतर्गत कंधा और कमर संचालन कराया गया। प्रशिक्षण में कोणासन, त्रिकोणासन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन एवं उष्ट्रासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले आसनों के साथ वज्रासन और भद्रासन जैसे बैठकर किए जाने वाले योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम के साथ ध्यान की विधियों की भी जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि योग सप्ताह के दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। प्रशिक्षण शिविर में ग्राम विकास अधिकारी पीयूष शुक्ला, कर्मचारी गोपाल स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक, रोजगार सेवक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।