नौतपा से पहले ही तवे सा तपने लगा औरैया, 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

हिन्दुस्तान, औरैया
share

औरैया, 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा से पहले ही भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। मई के तीसरे सप्ताह में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया है, और इसे 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। लोग गर्मी से बेहाल हैं, और अस्पतालों में डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़ रहे हैं।

नौतपा से पहले ही तवे सा तपने लगा औरैया, 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

औरैया, संवाददाता। 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा से पहले ही औरैया भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। मई के तीसरे सप्ताह में ही तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचने लगा है और आने वाले दिनों में इसके 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 मई तक तापमान लगातार बढ़ेगा और नौतपा शुरू होने तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। शहर में सुबह आठ बजे के बाद ही धूप तीखी होने लगती है, जबकि दोपहर तक गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। हालात यह हैं कि बाइक सवार चेहरे ढंककर निकल रहे हैं और बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। दिबियापुर निवासी व्यापारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि दोपहर में ग्राहक लगभग गायब हो जाते हैं और शाम के बाद ही बाजार में चहल-पहल लौटती है। वहीं रुरुगंज निवासी किसान रामनिवास यादव ने कहा कि खेतों में दोपहर तक काम करना मुश्किल हो गया है। मजदूर भी सुबह और शाम के समय ही काम करने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में डिहाइड्रेशन, बुखार, उल्टी और चक्कर आने वाले मरीज बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। उधर बिजली की बढ़ती खपत से लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ने लगी है। कई इलाकों में रात के समय बिजली कटौती लोगों की परेशानी और बढ़ा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान तापमान और अधिक बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.

क्या होता है नौतपा

ज्योतिष और मौसम विज्ञान के अनुसार जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है तो नौ दिनों तक पड़ने वाली भीषण गर्मी को नौतपा कहा जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहता है और लू का प्रभाव तेज हो जाता है.

दोपहर में थम रही बाजारों की रफ्तार

औरैया, बिधूना और दिबियापुर के बाजारों में दोपहर के समय भीड़ कम होने लगी है। दुकानदारों का कहना है कि लोग शाम के समय ही खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। इससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है.

अस्पतालों में बढ़े डिहाइड्रेशन के मरीज

गर्मी बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों ने खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

पशु-पक्षियों के लिए भी संकट

तेज गर्मी का असर पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। जलस्रोत सूखने और तापमान बढ़ने से पक्षी पानी की तलाश में भटक रहे हैं। कई सामाजिक संगठनों ने सार्वजनिक स्थानों पर पानी के बर्तन रखने शुरू कर दिए हैं.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦नौतपा क्या है?−
जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है तो नौ दिनों तक पड़ने वाली भीषण गर्मी को नौतपा कहा जाता है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsAuraiya Newsनौतपा से पहले ही तवे सा तपने लगा औरैया, 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा