सिलेंडर महंगे होते ही बीहड़ में हरे पेड़ों पर चलने लगा आरा
Auraiya News - वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से लकड़ी की मांग में वृद्धि हुई है, जिससे बीहड़ क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटान हो रही है। होटल और ढाबों में लकड़ी की खपत बढ़ने से रात में चोरी-छिपे पेड़ काटे जा रहे हैं। पुलिस ने हाल ही में लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है, लेकिन वन विभाग की कार्रवाई नहीं हो रही।

अयाना, संवाददाता। वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद क्षेत्र में लकड़ी की मांग बढ़ने लगी है। इसका असर अब बीहड़ क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटान के रूप में दिखाई देने लगा है। होटल और ढाबों में ईंधन के रूप में लकड़ी की बढ़ती खपत के चलते चोरी-छिपे हरे पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है। हालांकि लगातार हो रही कटान के बावजूद जिम्मेदार विभागीय अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। अयाना थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के गश्त के दौरान कटघरा जुन्नारदार चौराहे के पास लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। पुलिस के अनुसार चालक लकड़ी संबंधी वैध कागजात नहीं दिखा सका, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया।
खास बात यह है कि बीते एक सप्ताह में पुलिस द्वारा पकड़ी गई यह तीसरी लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़ने के बाद होटल और ढाबा संचालकों में लकड़ी की मांग बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग बीहड़ क्षेत्र में बिना अनुमति बबूल और चिरौल जैसे हरे पेड़ों की कटान कर रात के अंधेरे में लकड़ी की ढुलाई कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग को अवैध कटान की जानकारी होने के बावजूद अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझते। इससे बीहड़ क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई जारी है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


