1701 स्थानों पर हुआ होलिका दहन, दिन भर खरीदारी से गुलजार रहे बाजार
Auraiya News - औरैया में फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर इस वर्ष विशेष ज्योतिषीय संयोग के बीच होलिका दहन हुआ। 1701 स्थानों पर विधि-विधान से पूजन किया गया। भद्रा काल के कारण होलिका दहन रात 12:50 बजे से 2:02 बजे तक हुआ। बाजारों में होली की खरीदारी में भी उत्साह देखने को मिला।

औरैया, संवाददाता। फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर जनपद में इस वर्ष विशेष ज्योतिषीय संयोग के बीच होलिका दहन हुआ। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 1701 स्थानों पर विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। भद्रा काल को देखते हुए श्रद्धालुओं ने निर्धारित शुभ मुहूर्त में ही पूजन-अर्चन के बाद अग्नि प्रज्ज्वलित की। आचार्य आशुतोष अवस्थी के अनुसार पूर्णिमा तिथि दो मार्च शाम 5:18 बजे से प्रारंभ होकर तीन मार्च शाम 4:33 बजे तक रही। दो मार्च को निशाव्यापिनी पूर्णिमा तो थी, लेकिन उसी समय भद्रा काल लगने से दिन में होलिका दहन शास्त्रसम्मत नहीं माना गया। भद्रा समाप्ति के बाद रात्रि 12:50 बजे से 2:02 बजे तक शुभ मुहूर्त में लोगों ने होलिका दहन किया।
देर रात तक गांव-गांव और मोहल्लों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर परंपरागत तरीके से होलिका दहन हुआ। होलिका दहन से पूर्व दिन भर बाजारों में चहल-पहल रही। शहर से लेकर कस्बों तक रंग, गुलाल, अबीर, पिचकारी, लकड़ी, उपले और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। बच्चों में रंग-बिरंगी पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह दिखा, वहीं महिलाओं ने पूजन सामग्री और गृह उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार इस बार होली की खरीदारी ने बाजार में अच्छी रौनक ला दी। शाम होते ही विभिन्न स्थानों पर होलिका स्थल पर लोग एकत्र होने लगे। महिलाओं ने परंपरागत गीत गाते हुए परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं तीन मार्च को शाम ग्रस्तोदित चंद्र ग्रहण होने के कारण रंगोत्सव उसी दिन न मनाकर तिथि विचार के अनुसार चार मार्च को रंगों की होली खेलने की तैयारी की जा रही है। जनपद में होली को लेकर उत्साह चरम पर है और लोग पूरे हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने में जुटे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


