Auraiya News: हिन्दी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
Auraiya News: कस्बे के एक्सिस पब्लिक स्कूल में हिन्दी दिवस पर छात्रों के लिए निबंध प्रतियोगिता और अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रधानाचार्य ने हिन्दी के महत्व पर बात की। छात्रों ने कहानी, कविता, पोस्टर और नारा लेखन में भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना था।

Auraiya News: फफूंद, संवाददाता। कस्बे के एक्सिस पब्लिक स्कूल में हिन्दी दिवस पर सोमवार को कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने कहानी वाचन, कविता पाठ, पोस्टर और नारा लेखन के माध्यम से हिन्दी के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश के सांस्कृतिक और राष्ट्रीय जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विभिन्न भाषाओं और बोलियों वाले देश को हिन्दी एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है। कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से हिन्दी के महत्व और इसे राजभाषा के रूप में अपनाए जाने की ऐतिहासिक यात्रा के बारे में बताया।
कक्षा तीन और चार के विद्यार्थियों ने कहानी वाचन एवं कविता पाठ में भाग लिया। बच्चों की ओर से प्रस्तुत स्वरचित कविताओं और कहानियों की शिक्षकों ने सराहना की। पोस्टर और नारा लेखन प्रतियोगिता में भी बच्चों ने आकर्षक एवं संदेशपरक रचनाएं तैयार कीं। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर गतिविधि प्रभारी हर्षा, निशू, राम समेत विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।


