होली के रंग में भंग न डाल दें केमिकल

Mar 02, 2026 06:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share Share
Follow Us on

Auraiya News - औरैया में चिकित्सकों ने होली पर केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन रंगों से त्वचा में जलन, आंखों में संक्रमण और श्वसन समस्याएं हो सकती हैं। प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

होली के रंग में भंग न डाल दें केमिकल

औरैया, संवाददाता। रंगों और उमंग के पर्व होली पर इस बार भी चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बाजार में बिक रहे केमिकल युक्त रंग त्वचा, आंखों, बालों और श्वसन तंत्र के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हानिकारक रसायनों से युक्त रंग कई तरह की बीमारियों को जन्म दे सकते हैं। पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार मेघवानी ने बताया कि अस्थमा, सीओपीडी और टीबी जैसे श्वसन रोगों से ग्रसित मरीजों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हवा में मौजूद सूखे गुलाल के बारीक कण और रसायनों की गंध सांस की नली में सूजन व संक्रमण पैदा कर सकती है।

‘सूखे रंगों से दूरी बनाए रखें, यदि होली खेलें तो प्राकृतिक फूलों या हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें,’ उन्होंने सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि होलिका दहन के दौरान निकलने वाला धुआं सीओपीडी और अस्थमा के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए उचित दूरी बनाए रखें और अपनी नियमित दवाएं, विशेषकर इन्हेलर, साथ रखें। नेत्र रोग विभाग की डॉ. पूनम तिवारी ने बताया कि केमिकल रंगों से आंखों में लालिमा, सूजन और संक्रमण की शिकायतें बढ़ जाती हैं। त्योहार के बाद ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा होता है। उन्होंने कहा कि कई बार खराब गुणवत्ता वाले रंग आंखों की पुतलियों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। विभागाध्यक्ष मेडिसिन डॉ. राजीव शाक्य ने बताया कि कई रंगों में लेड ऑक्साइड, कॉपर सल्फेट, मरकरी सल्फाइड और क्रोमियम आयोडाइड जैसे हानिकारक रसायन पाए जाते हैं। इनके संपर्क में आने से त्वचा में खुजली, जलन और एलर्जी की समस्या हो सकती है, वहीं बाल रूखे होकर झड़ने लगते हैं। होली के बाद त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जाती है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षित और प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें, आंखों और मुंह को रंगों से बचाएं तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।