
रात में निरीक्षण के दौरान नौ कर्मचारी पाए गए अनुपस्थित
Auraiya News - मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में नौ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनके वेतन पर रोक लगाई गई है। अस्पतालों में व्यवस्था सुधारने के आदेश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार देर रात 9 से 12 बजे तक जनपद के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश केंद्रों पर चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तो मौजूद मिले, लेकिन नौ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं, हिन्दुस्तान की टीम ने भी रात में कई सीएचसी का मैदान स्तर पर जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की निराशाजनक तस्वीर सामने आई। कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐसे मिले जो सिर्फ गार्ड के भरोसे चल रहे थे, जबकि चिकित्सक और अन्य स्टाफ मौजूद नहीं थे। ।

जिसका संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने अगले ही दिन अफसरों की टीम से सीएचसी का निरीक्षण कराया। इस दौरान भी नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनका वेतन व मानदेय रोक दिया गया है। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में बेडों पर कलर कोड के अनुसार चादरें बिछाने, तकियों की व्यवस्था रखने और साफ-सफाई नियमित कराने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने कहा कि चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों को निर्धारित वेशभूषा में समय से उपस्थित रहने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों से रोगी कल्याण समिति के बजट से आवश्यक छोटे-मोटे कार्य करवाने के भी निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रात की ड्यूटी में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि मरीजों को आपात स्थिति में किसी तरह की असुविधा न हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


