
धूप से मिली राहत, रात की गलन ने बढ़ाई ठिठुरन
Auraiya News - शुक्रवार को धूप ने लोगों को राहत दी, अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। हालाँकि, रात में घने कोहरे ने दृश्यता को प्रभावित किया, जिससे परिवहन में कठिनाइयाँ आईं। स्वास्थ्य केंद्रों में सर्दी से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ी है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों में। चिकित्सकों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सर्द हवाओं और लगातार पड़ रहे कोहरे के बीच शुक्रवार को सुबह निकली धूप ने लोगों को राहत दी। अधिकतम तापमान तीन डिग्री उछलकर 14 से बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुँचा, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर स्थिर रहा। बर्फीली हवाओं की वजह से रात की गलन बरकरार है, जिसने जनजीवन को बेहाल कर रखा है। धूप निकलते ही लोगों ने अपने घरों की छतों और आंगनों का रुख किया। गुरुवार तक जहां लोग दिन में भी मोटे कपड़ों में दुबके दिख रहे थे, वहीं शुक्रवार को धूप के दौरान कई लोग गुनगुनी धूप का आनंद लेते नजर आए।
बाज़ार क्षेत्रों में भी दोपहर से ग्राहकी बढ़ी, जिससे रोजमर्रा की गतिविधियां कुछ हद तक सामान्य रहीं। हालांकि रात का हाल इससे उलट रहा। रात से लेकर तड़के तक छाये कोहरे ने दृश्यता को प्रभावित किया, जिससे परिवहन प्रभावित हुआ। कई दोपहिया चालकों को धीमी रफ्तार में चलना पड़ा। देर रात कोहरा इतना गाढ़ा हो गया कि कई स्थानों पर वाहनों की हेडलाइटों के बावजूद आगे देखना मुश्किल हो गया। सुबह नौ बजे के बाद ही कोहरा पूरी तरह छंट सका। मौसम का यह मिजाज बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं पर ज्यादा असर डाल रहा है। ठंड बढ़ने से एलर्जी, खांसी-जुकाम और सांस की दिक्कत वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में इन दिनों सर्दी से जुड़े मरीजों की लाइन बढ़ी हुई है। चिकित्सकों ने लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने और आवागमन के दौरान चेहरे को ढकने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन दिन में हल्की राहत का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं रात की गलन और दिन के कोहरे से फिलहाल निजात नहीं मिलने वाली है। कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल, रेंगते रहे वाहन देर रात और सुबह के वक्त छाये घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार थाम दी। दिबियापुर-अछल्दा-औरैया मार्गों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन रेंगते हुए निकले। कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। दृश्यता कम होने से बाइक सवारों को बार-बार रुककर आगे देखना पड़ा। नगर में कई परिवहन वाहन निर्धारित समय से देर से रवाना हुए। कोहरा सुबह लगभग नौ बजे के बाद छंटा, तब जाकर हालात सामान्य हुए। बढ़ते मरीज, स्वास्थ्य केंद्रों में बढ़ी भीड़ तेज ठंड और कोहरे के बीच बाल रोग विशेषज्ञ और फीजिशियन के पास मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर बुजुर्ग, दमा और एलर्जी के मरीज अधिक प्रभावित हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ती है, इसलिए सुबह-शाम तापमान में अचानक बदलाव शरीर पर ज्यादा असर डाल रहा है। डॉक्टरों ने गर्म कपड़ों का प्रयोग और बिना जरूरत देर शाम बाहर न निकलने की सलाह दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




