आंधी-बारिश से गेहूं की कटाई ठप, किसानों की बढ़ी चिंता

Apr 07, 2026 05:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share

Auraiya News - अउरैया में मौसम में लगातार बदलाव के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। तेज आंधी और बारिश के चलते गेहूं की कटाई रुक गई है। कई खेतों में फसल गिर गई है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। किसान चिंता व्यक्त कर रहे हैं कि अगर मौसम नहीं सुधरा तो फसल खराब हो सकती है।

आंधी-बारिश से गेहूं की कटाई ठप, किसानों की बढ़ी चिंता

औरैया/अछल्दा, संवाददाता। जिले में लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। दो दिन पूर्व तेज आंधी और बारिश के चलते गेहूं की कटाई पर ब्रेक लग गया, वहीं मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने से हालात और बिगड़ गए हैं। खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल दोनों को नुकसान पहुंचने की आशंका गहरा गई है। मंगलवार दोपहर बाद मौसम अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद कई इलाकों में गेहूं की फसल गिर गई, जिससे उत्पादन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे किसानों की मुश्किलें कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन लगातार खराब मौसम के कारण कटाई नहीं हो पा रही है। अछल्दा, बिधूना, सहार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई खेतों में फसल गिर चुकी है, जिससे दाने खराब होने और उपज घटने की आशंका है।क्योंटरा के किसान रामप्रकाश का कहना है कि फसल तैयार खड़ी है, लेकिन मौसम साथ नहीं दे रहा। अगर ऐसे ही बारिश होती रही तो पूरी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। वहीं किसान महेश ने बताया कि तेज हवा से फसल गिर गई है, अब कटाई में भी दिक्कत होगी और नुकसान बढ़ेगा। मजदूरों की कमी के चलते किसान पहले ही कंबाइन मशीनों का सहारा ले रहे थे, लेकिन बारिश और गीली जमीन के कारण मशीनों का संचालन भी प्रभावित हो गया है। इससे कटाई में देरी हो रही है और लागत बढ़ने की चिंता भी किसानों को सता रही है।किसानों का कहना है कि अगर मौसम में जल्द सुधार नहीं हुआ तो खेतों में खड़ी फसल खराब हो सकती है और अनाज घर तक पहुंचने में भी दिक्कत आएगी। गांववालों का कहना मानना है कि इस समय लगातार बारिश और तेज हवाएं गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक हैं, खासकर उन खेतों में जहां फसल पूरी तरह पक चुकी है या कटकर खेत में पड़ी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।