सब्जी मंडी हटाने के विरोध में किसानों का धरना 11वें दिन भी जारी
Auraiya News - अटसू सब्जी मंडी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का धरना 11वें दिन जारी है। किसानों ने नगर पंचायत प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। उनकी मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा।

अजीतमल, संवाददाता। कस्बा अटसू स्थित सब्जी मंडी ग्राउंड में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसानों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने नगर पंचायत प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। धरनारत किसानों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश प्रकाश पोरवाल व प्रशासन की पहल पर वर्षों पुराना टीन शेड हटवा दिया गया। उनका कहना है कि मंडी स्थल पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के चलते यह कार्रवाई की गई, जिससे छोटे किसानों और स्थानीय दुकानदारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
किसानों के अनुसार अटसू की सब्जी मंडी करीब 50 वर्षों से संचालित हो रही है, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसान अपनी उपज बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन शुरू होने के बाद मंडी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बंद कर दी गई है। कूड़ा जमा होने से मच्छरों व कीट-पतंगों की समस्या बढ़ रही है, जिससे व्यापारियों और किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। उधर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल का कहना है कि उक्त स्थल पर शॉपिंग मॉल निर्माण का ठेका पहले ही दिया जा चुका है तथा टेंडर और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विकास कार्य नियमानुसार कराया जा रहा है। हालांकि किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक मंडी स्थल को लेकर उनकी मांगों पर संतोषजनक समाधान नहीं निकलता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



